गले पर नीले निशान और उंगलियों पर घाव, मायके पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का आरोप
एटा। कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के महुअट गांव में 20 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना को लेकर मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली देहात पुलिस मौके पर पहुंची। क्षेत्राधिकारी (सीओ) सिटी अजय रॉय ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के लिए डॉग स्क्वायड और फील्ड यूनिट की टीम को बुलाया गया। पुलिस ने घर की बारीकी से जांच करते हुए साक्ष्य जुटाए हैं। जानकारी के मुताबिक, मृतका एकता का विवाह छह महीने पहले महुअट गांव के राजकुमार के साथ हुआ था। मृतका का मायका कासगंज जिले के शेरगढ़ गांव में है। सोमवार सुबह उसका शव घर की चारपाई पर पड़ा मिला।
मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है। मृतिका के ताऊ महेश ने बताया कि रविवार देर रात एकता ने अपनी मां से फोन पर बात की थी। उसने बताया था कि पति द्वारा मारपीट की जा रही है। सुबह घर बुलाया था। सुबह पांच बजे ससुराल से मौत की सूचना मिली। महेश का कहना है कि राजकुमार शराब का सेवन करता था और आए दिन एकता के साथ मारपीट करता था। उन्होंने इसे सुनियोजित हत्या बताया।
थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह ने कहा कि पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। डॉग स्क्वायड के साथ साक्ष्य जुटाए गए हैं। प्रथम कृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। तहरीर मिलने पर मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। घटना की जांच पडताल की जा रही है।
