बिजली घर बनेगा मॉडल चौराहा
आगरा। बिजलीघर चौराहे को मॉडल चौराहा बनाने के लिए डीसीपी ट्रैफिक ने बुधवार को बिजली घर के व्यापारी,आॅटो चालकों व ठेकेदारों के साथ पुलिस चौकी आगरा फोर्ट में एक बैठक का आयोजन किया।
बैठक में डीसीपी ने आॅटो चालकों की धमाचौकड़ी व चौराहे की यातायात अव्यवस्था व अराजकता पर अंकुश लगाने के लिए स्थानीय पुलिस व ट्रेफिक पुलिस को निर्देश दिए।
डीसीपी ट्रैफिक ने बैठक में पुलिस को निर्देशित किया कि बिजली घर चौराहे के सभी मार्गों पर पचास मीटर की दूरी पर बैरियर लगाने एवं नियमों का उल्लंघन करने पर तत्काल गाड़ी सीज एवं चालक की कार्यवाही करने के आदेश दिये है। बता दें कि यातायात माह में पुलिस टैफिक व्यवस्था के सुधार पर काफी जोर दिया जा रहा है। बीते दिनों पुलिस कमिश्नर ने पुलिस अधिकारियों और यातायात निरीक्षकों के साथ गोष्ठी की थी। जिसमें शहर के 20 प्रमुख चौराहों को एक मॉडल के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया गया था। जिसमें मॉडल चौराहों में हरीपर्वत,दिल्ली गेट,तारघर चौराहा, पुरानी मंडी,ताज व्यू, बोदला, बिजलीघर, साईं का तकिया, प्रतापपुरा, ईदगाह, भगवान टॉकीज लोहामंडी, मदिया कटरा, रामबाग, जीवनी मंडी, वाटरवर्क्स, बसई तिराहा, फूल सैयद चौराहा, क्लब चौराहा हैं। इन चौराहों के लिए छह जोन में ड्यूटी लगाई जाएंगी। इसी क्रम में बुधवार को डीसीपी ट्रेफिक हिमांशु गौतम ने बिजली घर चौराहा का औचक निरीक्षण किया। जहां उन्हें यातायात को लेकर तमाम समस्याओं से रूबरू होना पड़ा व आॅटो चालकों की मनमानी एवं यातायात में अतिक्रमण का भी मुख्य कारण दिखाई दिया।
