करोड़ों की मनी लॉड्रिग और ड्रग्स ट्रैफिकिंग का लगाया आरोप
बीड़ी कारोबारी को डिजिटल अरेस्ट का प्रयास
साइबर ठगों ने सिकंदरा क्षेत्र की महिला डॉक्टर से की थी पहली ठगी
आगरा। लोहामंडी निवासी बीड़ी कारोबारी अतुल कुमार को साइबर अपराधियों ने डिजिटल अरेस्ट का प्रयास किया। अपनी सजगता से वह बच गए। इतना ही नहीं उन्होंने आरोपित से बातचीत की स्क्रीन रिकार्डिंग कर ली। पीड़ित कारोबारी ने इस संबंध में साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत की है।
अतुल कुमार ने बताया कि गुरुवार को फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को एक कोरियर कंपनी का एग्जीक्यूटिव बताया। उनसे कहा कि उनके आधार नंबर पर एक कोरियर बुक हुआ था। कोरियर मुंबई से ताइवान जाना था। कोरियर में नारकोटिक्स का आइटम पकड़ा गया है। मामला अब मुंबई क्राइम ब्रांच देख रही है। वह कॉल उनको ट्रांसफर कर रहा है। कॉल ट्रांसफर की गई। वर्दी पहने एक व्यक्ति मौजूद था। उन्हें डराने का प्रयास किया। करोड़ों की मनी लॉड्रिग में शामिल होने और ड्रग्स ट्रैफिकिंग का आरोप लगाया। उन्हें धमकाने लगा। कारोबारी ने बताया कि उन्होंने पहले ही स्क्रीन रिकार्डिंग शुरू कर दी थी। उन्होंने फर्जी पुलिस वाले को बताया कि पूरा कॉल रिकार्ड हो रहा है। यह अभी कुछ ही देर में सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इतना सुनते ही सामने वाले ने फोन काट दिया।
घटना -1: सिकंदरा क्षेत्र की एक महिला डॉक्टर से साइबर अपराधियों ने सीबीआई अधिकारी बनकर 2 लाख रुपये ठग लिए। उन्हें वीडियो कॉल कर डिजिटल हाउस अरेस्ट कर लिया। कमरे से बाहर निकलने पर गिरफ्तारी की धमकी दी। 2 घंटे तक बाहर नहीं जाने दिया। खाते में रकम जमा करने पर कॉल काटा गया। बाद में डॉक्टर को ठगी का पता चला। उन्होंने पुलिस से शिकायत की है। महिला डाक्टर एक गर्ल्स हॉस्टल में रहती हैं। 26 जुलाई को उनके पास एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को सीबीआई अधिकारी बताया। कहा कि आपके खाते की मनी लॉन्ड्रिंग के केस में जांच की जा रही है। अगर, इसमें सहयोग नहीं किया तो गिरफ्तारी कर ली जाएगी। विश्वास दिलाने के लिए नाम और आधार नंबर भी उन्हें बताया।
घटना -2: थाना जगदीशपुरा के सुभाष नगर अलबतिया में रहने वाली मालती वर्मा राजकीय कन्या जूनियर हाईस्कूल अछनेरा में शिक्षिका थीं। 30 सितंबर को वे स्कूल में थीं। उसी दौरान उनके मोबाइल पर एक वॉट्सऐप कॉल आई। जिस नंबर से कॉल आई उस पर पुलिस की वर्दी पहने एक व्यक्ति का फोटो लगा था। कॉल करने वाले ने शिक्षिका से कहा कि आपकी बेटी को सेक्स रैकेट में पकड़ लिया है। अभी मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है। आपकी बदनामी न हो, बेटी के फोटो वायरल न हो, इसके लिए कॉल किया है। एक लाख रुपये भेज दो तो उसे छोड़ दिया जाएगा।
घटना -3: आॅन लाइन बैंक लॉकर ढूढ़ रही महिला के फोन पर शातिरों ने कॉल कर बैंक का फार्म भरवाने के नाम पर डिजिटल अरेस्ट किया। जिसमें उन्होंने 64 वषीर्या भूदेवी को 30 मिनट तक बैंक का फॉर्म भरवाने के नाम पर डिजिटल अरेस्ट रखा और दो खातों से 93 हजार रुपये से ज्यादा रुपये उड़ा लिए। ट्रांस यमुना क्षेत्र की रहने वाली भूदेवी के बेटे विजय कुमार ने बताया कि उनकी मां पिछले कई दिनों से बैंक में लॉकर खोलना चाहती थीं। दूसरा एकाउंट नंबर बताते ही उससे 83,997 रुपये कट गए। भूदेवी ने दवा कंपनी में काम करने वाले अपने बेटे को इसकी जानकारी दी। विजय कुमार शिकायत लेकर साइबर थाने पहुंचे। विजय कुमार का कहना है कि वहां उनसे कहा गया कि साइबर कैफे जाकर आॅनलाइन शिकायत दर्ज कराओ। पीड़िता की तरफ से थाना एत्माउद्दौला में भी तहरीर दी गई है।
पुलिस वर्दी में था साइबर अपराधी
कारोबारी ने बताया कि इस तरह के फोन कॉल से कोई भी घबरा सकता है। साइबर अपराधी वर्दी में था। पीछे पुलिस का बोर्ड लगा था। हाल ही में डिजिटल अरेस्ट की कई घटनाएं हुई हैं। इस वजह से उन्हें पता था कि साइबर अपराधी इस अंदाज में फोन कर रहे हैं। ऐसे ही फोन का उन्हें इंतजार था। इसलिए मोबाइल में स्क्रीन रिकार्डिंग चालू कर रखी थी।
