जयपुर में गुरुवार देर रात वारदात, विरोध में थाने पर जोरदार प्रदर्शन
जयपुर। शहर के करणी विहार इलाके में गुरुवार देर रात राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के एक कार्यक्रम में शामिल लोगों पर चाकू और डंडों से हमला हुआ, जिसमें कई लोग घायल हो गए। यह हमला शरद पूर्णिमा के अवसर पर खीर वितरण के दौरान हुआ, जब कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने संघ कार्यकर्ताओं पर हमला किया। हमले में 10 कार्यकर्ता घायल हो गए। पुलिस ने तीन हमलावरों को हिरासत में ले लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। वारदात से आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने वहां जाम लगाया और करणी विहार थाने पर जोरदार प्रदर्शन किया। हालात बिगड़ते देख आलाधिकारी मौके पर पहुंचे और अतिरिक्त पुलिस फोर्स बुलाया गया।
घायलों को सवाई मान सिंह अस्पताल (एसएमएस) में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। राज्य सरकार के कैबिनेट मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर, विधायक गोपाल शर्मा सहित अन्य लोग घायलों का हालचाल जानने अस्पताल पहुंचे। बताया जा रहा है कि करणी विहार थाना इलाके में निम्बार्क नगर के शिव मंदिर पर शरद पूर्णिमा का उत्सव मनाया जा रहा था। उसमें खीर वितरण का कार्यक्रम चल रहा था। खीर वितरण और खेल के साथ साथ संघ के स्वयंसेवक जयघोष लगा रहे थे। इसका पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति ने एतराज जताया तो उन्होंने हनुमान चालीसा शुरू कर दिया। इससे गुस्साए पड़ोस में रहने वाले एक परिवार के तीन लोग चाकू और लाठी लेकर पहुंचे तथा हमला कर दिया। चाकूबाजी की घटना से वहां अफरातफरी मच गई। घटना की सूचना मिलने पर वहां भारी भीड़ एकत्र हो गई। आक्रोशित लोगों ने वहां जाम लगा दिया। फिर सैकड़ों की संख्या में लोग करणी विहार थाने के बाहर इकट्ठा होकर प्रदर्शन करने लग गए। सूचना मिलने पर एडिशनल पुलिस कमिश्नर कुंवर राष्ट्रदीप और डीसीपी अमित कुमार सहित तमाम पुलिस अफसर वहां पहुंचे। पश्चिम जिले के डीसीपी अमित कुमार ने पुष्टि की कि घटना में 10 लोग घायल हुए हैं और उन्हें इलाज के लिए एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौर ने बताया कि उन्होंने अस्पताल जाकर घायलों से मुलाकात की और कहा कि राजस्थान में कानून व्यवस्था कायम रहेगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। राठौर ने मीडिया से बातचीत में बताया कि हमलावरों को मौके पर ही पकड़ लिया गया और अब वे पुलिस की हिरासत में हैं, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। घायलों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति अब खतरे से बाहर है। स्थिति नियंत्रण में है।
पुलिस अधिकारी कुमार ने बताया कि इस मामले में कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। भाजपा के पूर्व अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी जानकारी दी कि करणी विहार थाना क्षेत्र के रजनी विहार में संघ के कार्यक्रम के दौरान यह वारदात हुई।
सूचना मिलने पर वह तुरंत एसएमएस अस्पताल पहुंचे और घायलों को संभाला। करणी विहार इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस हमले के कारणों की जांच कर रही है।
