आम जनता और बच्चों के बीच पुलिस की तस्वीर सुधारने के लिए चला रखा है व्यवहार
खेरागढ़/आगरा। पुलिस कमिश्नरेट आम जन की लगातार सेवा कर रहा है। इसी को लेकर पुलिस बच्चों की फ्रेंड बनने की कोशिश कर रही है। जिससे बच्चों के दिलों से पुलिस का डर खत्म हो जाए।
एसीपी खेरागढ़ ने छप्पर के नीचे पढ़ रहे बच्चों की हौसला अफजाई कर इस कोशिश में एक कदम बढ़ाया है।
पुलिस कमिश्नरेट आगरा के सोशल साइट पेज पर एक पोस्ट अपलोड की गई। जिसमें एसीपी खेरागढ़ इमरान अहमद फील्ड विजिट के दौरान बरसात के मौसम में छप्पर के नीचे पढ़ते हुए बच्चों के साथ बातचीत कर रहे हैं। बच्चों से उनके नाम पूछे। बच्चों ने अपने नाम अनमोल, नितिन और अमित बताया। बच्चे पढ़ाई कर रहे थे। अनमोल एक कॉपी में हिंदी में कुछ लिख रहा था। एसीपी ने पूछा कि क्या लिखा है, पढ़कर बताओ। बच्चों की हौसला अफजाई की। इससे बच्चे काफी खुश नजर आ रहे थे।
लोगों के बीच जाकर कर रहे बातचीत
खेरागढ़ एसीपी इमरान अहमद ने बताया कि निर्देश दिए गए हैं कि आम जनता की सेवा के लिए हमेशा तैयार रहें। यह हमारा ध्येय वाक्य भी है। बच्चों के दिमाग में पुलिस को लेकर एक तस्वीर बना दी जाती है। बच्चे कई बार पुलिस से डरना शुरू कर देते हैं।
उन्होंने कहा कि हमारी कोशिश है कि बच्चों के दिलों से यह डर निकले। वे खुद को पुलिस के आसपास सुरक्षित महसूस कर अपनी हर दिक्कत को शेयर कर सकें। कई बार बच्चे अपने माता-पिता को भी कुछ बातें नहीं बता पाते हैं। हम लोगों के बीच में जाकर उन्हें सुरक्षा के लिए टिप्स दे रहे हैं। बता रहे हैं कि वे अपने घरों, दुकानों के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगवाएं। जिससे किसी भी घटना या दुर्घटना की सही जानकारी मिल सके।
