विदेशी टूरिस्टों को धोखाधड़ी से बचाने के लिए चलाया अभियान
आगरा। ताजमहल की प›िमी गेट पार्किंग के पास टूरिस्ट पुलिस ने टूरिस्ट डिलाइट आॅपरेशन की शुरूआत सोमवार को की। आसपास के दुकानदारों और गाइडों को एसीपी ने आॅपरेशन टूरिस्ट डिलाइट की जानकारी दी। कहा कि टूरिस्ट के साथ धोखाधड़ी न हो।
एसीपी ताज सुरक्षा सैय्यद अरीब अहमद ने सोमवार को प›िमी गेट पार्किंग पर दुकानदारों और गाइडों के साथ एक मीटिंग की। मीटिंग में टूरिस्ट डिलाइट आॅपरेशन के बारे में बताते हुए कहा कि यहां 80 प्रतिशत विदेशी पर्यटक आते हैं। उनके साथ ठगी न हो। किसी भी तरह की धोखाधड़ी न हो। इसके लिए नजर रखी जाएगी।
कोई भी शोरूम संचालक या फिर गाइड अगर पर्यटकों को परेशान करेगा तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। पर्यटकों के साथ ठगी करने वाले किसी कीमत पर बख्शे नहीं जाएंगे। एसीपी का कहना था कि पर्यटक यहां खुद को सुरक्षित महसूस करें। आॅपरेशन टूरिस्ट डिलाइट के दौरान पुलिस के जवानों की ताजमहल क्षेत्र में ड्यूटी लगाई गई है।
अवैध गाइडों पर होगी कार्रवाई
एसीपी ने कहा कि यहां सभी कमाने आए हैं। लेकिन इस कमाई के लिए पर्यटकों को परेशान न किया जाए। टूरिस्ट सीजन शुरू होने वाला है। अवैध गाइडों पर नजर रखी जाएगी। पिछले डेढ़ साल में 1500 अवैध गाइडों के खिलाफ कार्यवाही की गई है। यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
