
मथुरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को ब्रज की धरती मथुरा से 5251वें श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महामहोत्सव का गुब्बारा उड़ाकार शुभारंभ किया। साथ ही पांचजन्य प्रेक्षागृह से सीएम योगी ने ब्रज वासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर 900 करोड़ रुपये अधिक विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात दी।
सीएम योगी ने दीप प्रज्वलित श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महामहोत्सव कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री के संग मथुरा सांसद हेमा मालिनी सहित क्षेत्र के विधायक सहित गणमान्य लोग उपस्थिति रहे। सीएम योगी सोमवार सुबह श्रीकृष्ण जन्मभूमि में कान्हा की पूजा करेंगे। पांचजन्य प्रेक्षागृह में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि ब्रज की भूमि के प्रति लोगों का आकर्षण है। सब लोग यहां के प्रति उत्सुक रहते हैं। प्रधानमंत्री जब विरासत और विकास की बात करते हैं तो सबसे पहले मथुरा की बात आती है। श्री कृष्ण का 5251वां जन्मोत्सव इस बात का प्रतीक है कि हिंदू धर्म सबसे प्राचीन है। इस धर्म से पहले विश्व में कोई भी धर्म नहीं आया।
राधा रानी के दर्शन को रोप-वे की शुरुआत
मथुरा। सीएम योगी ने रविवार को ब्रजवासियों को रोप-वे की सौगात दी। उन्होंने बरसाना में 15.89 करोड़ रुपये की लागत से मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण के अधीन पीपीपी मॉडल पर रोप-वे प्रोजेक्ट की शुरुआत की। 210 मीटर लंबे इस रोपवे में 12 ट्रॉली संचालित होंगी। प्रत्येक ट्रॉली में छह लोग बैठ सकेंगे। जमीनी तल से रोपवे की ऊंचाई 30 मीटर है। पांच से सात मिनट में भö नीचे से ब्रह्मांचल पर्वत पर विराजमान श्रीजी के मंदिर पहुंच जाएंगे। रोप-वे में प्रति यात्री आने-जाने के लिए सौ रुपये खर्च करने होंगे। अगर कोई यात्री केवल एक तरफ के लिए ही रोप-वे का इस्तेमाल करता है तो उसे 60 रुपये देने होंगे। पांच वर्ष से अधिक आयु के बच्चे के लिए भी टिकट खरीदना होगा।
