परिजनों ने जताई हत्या कर शव को लटकाए जाने की आशंका
मैनपुरी। मैनपुरी के बेवर थाना क्षेत्र के मोहल्ला मिरकिचिया में एक आंगनबाड़ी कार्यकत्री महिला का शव उसके घर के कमरे में लटका हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही मोहल्ले में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग महिला के घर के बाहर जमा हो गए।
मृतका की पहचान मिथिलेश वर्मा के रूप में हुई है, जो कौआ टांडा में आंगनबाड़ी कार्यकत्री के पद पर तैनात थीं। पड़ोसियों के अनुसार, मिथिलेश रोजाना अपने काम पर जाती थीं, लेकिन आज वह घर से बाहर नहीं निकलीं, जिससे संदेह हुआ। उनके घर का दरवाजा अंदर से बंद था, और मोहल्ले वालों ने बताया कि दो दिन पहले उनका परिवार के कुछ लोगों से विवाद भी हुआ था। बीते शाम एक बच्ची जब उन्हें खाना देने गई, तो उसने दरवाजे के अंदर से ताला बंद पाया। बच्ची ने झांक कर देखा तो मिथिलेश के पैर लटके हुए नजर आए, जिससे उसने शोर मचाना शुरू कर दिया। इसके बाद आसपास के लोग जमा हो गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। परिजनों ने मिथिलेश की हत्या की आशंका जताई है। फिलहाल पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस दुखद घटना से परिवार में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
