फिरोजाबाद में दिनदहाड़े तमंचे के बल पर रोककर दिया वारदात को अंजाम
फिरोजाबाद। सिरसागंज की पॉश कालोनी एमजी पुरम में तीन असलाह धारी बदमाशों ने फायर कर गल्ला व्यापारी से दिन दहाड़े सात लाख रुपये की लूट की घटना को अंजाम दिया। गल्ला व्यापारी गल्ला मंडी में अपनी गल्ला की आढ़त पर जाने के लिए अपने घर से स्कूटी से निकला था और उसकी स्कूटी की डिग्गी में 7 लाख रुपए नकद रखे हुए थे। जिन्हे बदमाश लूटकर ले गये। जिले के सिरसागंज थाना क्षेत्र के एमजी पुरम निवासी राकेश चंदोरिया सुबह 9 बजे अपनी स्कूटी से गल्ला मंडी में अपनी गल्ला की आढ़त पर जाने के लिए अपने घर से निकले थे।
इस दौरान रैकी कर रहे बाइक सवार तीन असलाह धारी बदमाशों ने गल्ला व्यापारी को तमंचे के बल पर रोक लिया। तमंचा दिखाकर आरोपियों ने स्कूटी की डिग्गी में रखे 7 लाख रुपये लूट लिए और उसके बाद फायरिंग कर मौके से भाग गए। व्यापारी ने बताया कि इस समय मक्का की खरीद चल रही है। व्यापारी राकेश अपनी स्कूटी से डिग्गी में सात लाख रूपए नगद लेकर अपनी गल्ला की आढ़त पर जाने के लिए घर से निकले थे। जैसे ही राकेश घर से कुछ ही दूर पहुंचे तभी 3 बदमाशों ने उनका रास्ता घेरकर रोक लिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बदमाशों ने तीन राउन्ड फायरिंग की। फिलहाल पीड़ित व्यापारी ने थाना सिरसागंज पर पहुंचकर लूट की तहरीर दी है। सूचना मिलने पर एसपी ग्रामीण रणविजय सिंह तथा सीओ अरुण कुमार चौरसिया भी मौके पर पहुंच गए तथा बताया मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा। सीसीटीवी चेक किये जा रहे है। वहीं, दूसरी ओर गल्ला व्यापार समिति के व्यापारियों ने खुलासा न होने तक मंडी में गल्ला खरीद बंद करने की बात कही है।
