लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोकी,आगे का हिस्सा हुआ डैमेज
आगरा। राजा की मंडी रेलवे स्टेशन के समीप आज सुबह गुजर रही वंदे भारत एक्सप्रेस से एक गाय टकरा गयी। गाय के टकराते ही चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी।
चालक की नजर दूर से ही गाय पर पड़ गई थी। इसलिए गति को नियंत्रित कर लिया और बड़ा हादसा बच गया।
दिल्ली से आ रही निजामुद्दीन खजुराहो वंदे भारत सुबह छह बजे निजामुद्दीन स्टेशन से रवाना हुई। सुबह 7.45 बजे आगरा कैंट स्टेशन पर ट्रेन पहुंचती है। वंदे भारत ट्रेन के आगे राजा की मंडी स्टेशन से पहले प्वाइंट एलसी 498 पर गाय आ गई। ट्रेन के आग से टकराने पर लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक दिया।
2023 में ट्रायल के दौरान भी हुआ था हादसा
सौ फीसदी स्वदेशी तकनीक से बनी देश की सबसे तेज ट्रेन वंदे भारत ट्रेन का 2023 में आगरा कैंट रेलवे स्टेशन से दिल्ली के बीच ट्रायल किया गया था। ट्रायल के दौरान वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन होडल के पास नीलगाय से टकरा गई। इसके चलते ट्रेन के आगे का हिस्सा बुरी तरह डैमेज हो गया। यह घटना उस वक्त हुई जब वंदे भारत एक्सप्रेस अपने ट्रायल के दौरान आगरा रेलवे स्टेशन से निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन की तरफ जा रही थी।
पांच मिनट खड़ी रही ट्रेन
वंदे भारत ट्रेन करीब पांच मिनट तक खड़ी रही। सुबह के समय बच्चे स्कूल जा रहे थे। वंदे भारत ट्रेन का वीडियो भी सामने आया है। इसमें प्लेटफार्म पर खड़े बच्चे दिखाई दे रहे हैं। करीब पांच मिनट तक ट्रेन खड़ी रही। इसके बाद राजा की मंडी स्टेशन के लिए ट्रेन रवाना हुई।
इनका क्या कहना है
उत्तर मध्य रेलवे आगरा मंडल की वाणिज्य प्रबंधक एवं जनसम्पर्क अधिकारी प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि हाईस्पीड ट्रैक के दोनों ओर बाउंड्री बॉल बनाने का काम चल रहा है। अधिकांश एरिया में यह काम पूर्ण हो चुका है,जो शेष है। उसे जल्द पूरा कर लिया जाएगा। वंदे भारत ट्रेन को परिचालन के दौरान कोई क्षति पहुंचती है,तो उससे संबंधित उपकरण ट्रेन में मौजूद रहते हैं। हादसे के कारण का पता लगाया जा रहा है।