पेड़ से टकराई कार तीन की मौत

आगरा। बटेश्वर की तरफ से लौट रहे तीन दोस्तों की कार सोमवार को बाह के बिजकौली के पास गाय को बचाने के चक्कर में पेड़ से टकरा गई। घटनो में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई कार में बैठे तीनों दोस्तों की मौत हो गई। तीनों की पहचान बासौनी के गांव पुरा नीमडाडा के रूप में हुई है। घटना से गांव में कोहराम मच गया। पुलिस ने तीनों के शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिए हैं।
बासौनी के पुरा नीमडाडा गांव के तीन दोस्त विपिन (26) पुत्र सुरेश, श्याम सुंदर (30) पुत्र राम अवतार, सूरज (22) पुत्र मुन्नालाल सोमवार रात 9.30 बजे के करीब कार से बटेश्वर की ओर से घर लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि तेज रफ्तार कार बीच सड़क पर आई गाय को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। टक्कर से हुई धमाके की आवाज पर गांव के लोग मौके पर पहुंचे। क्षतिग्रस्त कार में तीन लोगों के फंसे होने की सूचना पर बाह पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से फंसे लोगों को बाहर निकाल कर एंबुलेंस की मदद से बाह सीएचसी भिजवाया। जहां पर चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। सीएचसी पर शव देख परिजनों में मातमी कोहराम मच गया। प्रभारी निरीक्षक बाह श्याम सिंह ने बताया कि मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिए हैं।
तीनों को मौत भी जुदा नहीं कर सकी
तीनों दोस्त साथ रहते थे। सूरज की अभी शादी नहीं हुई थी। विपिन और श्याम सुंदर शादीशुदा थे। गांव के हम उम्र युवक चर्चा कर रहे थे, सुख दुख में साथ निभाने वाले दोस्तों को मौत भी जुदा नहीं कर सकी।
देखने वालों की रूह कांप गई
हादसे का दृश्य ऐसा था कि देखने वालों की रूह कांप गई। टक्कर के बाद कार पेड़ में फंस गई थी। कार से एक शव तो निकाल लिया गया लेकिन कीचड़ और जलभराव के चलते से खिड़की काटने में दिक्कत आ रही थी। गांव से ट्रैक्टर मंगवाकर कार को सड़क पर खींचा गया, तब खिड़की काटकर बचे दोनों शव निकाले जा सके।
शिक्षा, दीक्षा के सर से उठा पिता का साया
श्याम सुंदर की मां का बचपन में ही निधन हो गया था। मौसी विमला ने उसकी परवरिश की थी। श्याम सुंदर ने अपने पीछे पत्नी रामप्यारी, बच्चों बेटी शिक्षा (8), दीक्षा (6), बेटा मनोज (4) को अपने पीछे छोड़ा है। श्याम सुंदर के अलावा घर में कोई कमाने वाला नहीं है। बच्चों की परवरिश के लिए परेशान रामप्यारी को श्याम सुंदर की यशोदा बनी मौसी विमला संभाल रही थीं। विपिन ने अपने पीछे पत्नी आरती और एक बच्चे को छोड़ा है।
