नाबालिगों का फर्जी जॉबकार्ड बनाकर ग्राम ढकू का प्रधान कर रहा लूट
लोकायुक्त में शिकायत पर बौखलाया, जिन अधिकारियों को शिकायत में पार्टी बनाया वही जांच करने पहुंचे
मांट, (मथुरा)। ग्राम प्रधान की कारस्तानी की शिकायत लोकायुक्त से करना एक ग्रामीण को भारी पड़ गया। जांच को आई टीम के सामने ही दबंग प्रधान के परिजनों ने ग्रामीण को पटक-पटककर पीटा । इस दौरान जांच को आई टीम के सदस्य घटना को मूक दर्शक बनकर देखते रहे। बताया जा रहा है कि जांच के लिए आई टीम के सदस्यों पर भी इस भ्रष्टाचार में शामिल होने का आरोप लगाया गया है।
ग्राम ढकू के चरण सिंह द्वारा लोकायुक्त लखनऊ को ग्राम प्रधान द्वारा मनेरगा में अपने परिवार के नाबालिगों के फर्जी जॉबकार्ड बनाकर भ्रष्टाचार की शिकायत की गई थी। शिकायत में चरण सिंह ने आरोप लगाया कि विबावली ग्राम पंचायत के प्रधान द्वारा अपने ही परिवार के नाबालिगों के मनरेगा के फर्जी जॉबकार्ड बनाकर व एससी जाति दर्शाकर भ्रष्टाचार किया जा रहा है। जबाकि शैक्षिक प्रमाण पत्रों के आधार पर प्रधान के परिजन नाबालिग हैं। शिकायत के बाद लोकायुक्त लखनऊ से जांच के आदेश के बाद मंगलवार को वीडियो मांट सत्येंद्र सिंह , एडीओ पंचायत गिर्राज प्रसाद , एडीओ कृषि कंचनवीर सिंह, सेक्रेटरी मुनेंद्र सिंह पंचायत घर ढकू पर जांच करने आए। जांच अधिकारी ने शिकायतकर्ता भारतीय किसान यूनियन चढूनी के मांट तहसील अध्यक्ष चरण सिंह पावर को फोन करके पंचायत घर पर बुलाया। चरण सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष प्रेमपाल सिंह दोनों पंचायत घर पर गए और अपना पक्ष जांच के अनुसार रखा। इसी दौरान प्रधान पक्ष के दबंग लोग अजय वीर जयप्रकाश पुत्रगण हरदयाल सिंह योगेश विजयपाल अशोक राजकुमार पुत्रगणअ जयवीर हरिओम उमेश पुत्रगढ़ सुखवीर मौके पर पहुंच गए। सभी ने एक राय होकर शिकायत कर्ता पर जान से मारने की नीयत से हमला बोल दिया। दोनों को लाठी-डंडे, लात घूसों से बुरी तरह मारा पीटा। इस दौरान जांच अधिकारी मूक दर्शक बनकर देखते रहे।
बताया गया कि जांच करने भी वही अधिकारी आए जिन्हें लोकायुक्त को भेजी शिकायत में पार्टी बनाया गया था। इससे यही सिद्ध होता है कि जांच अधिकारी व प्रधान पक्ष के लोगों द्वारा षड्यंत्र के तहत शिकायत कर्ता को पीटा गया। पिटाई से शिकायतकर्ता और उसके साथी को काफी चोटें आईं हैं। मौजूद मौके पर अधिकारियों द्वारा कोई कार्यवाही नहीं कराई गई। शिकायत कर्ता चरण सिंह और प्रेम पाल ने मारपीट की थाना मांट में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है। पुलिस ने दोनों का मेडिकल कराया है। अभी तक तहरीर को जीडी में दर्ज नहीं किया है।
