आगरा। पत्नी के गुटका खाना न छोड़ने पर विवाद परिवार परामर्श केंद्र में पहुंच गया है। पति का कहना है कि पत्नी झगड़े को तैयार रहती है लेकिन गुटका खाना नहीं छोड़ती। इससे उसके बाल झड़ रहे हैं, लोग मजाक उड़ाते हैं। दोनों पक्षों को शनिवार को तारीख पर बुलाया गया। मगर, समझौता नहीं हो सका। अगली तारीख दे दी गई है। सदर थाना क्षेत्र की युवती की शादी 15 साल पहले हाथरस निवासी युवक के साथ हुई थी। पति किसान है। दोनों के तीन बच्चे हैं। पत्नी का कहना है कि शादी के पहले से ही उसे तंबाकू, गुटका खाने की लत है। पति को भी इस बारे में पता था। अब छोटी-छोटी बातों पर झगड़ा करता है। एक साल पहले बोला कि तेरे सिर पर बाल बहुत कम है। बाल गुटका खाने से झड़ गए हैं। इस पर झगड़ा, मारपीट होने पर वह मायके आ गई। पति का आरोप है कि तंबाकू, गुटका से ही पत्नी के बाल झड़ गए। सब उसका मजाक बनाते हैं।
पत्नी से तंबाकू, गुटका छोड़ने के लिए बोला लेकिन मानी नहीं। काउंसलर ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया। पति ने शर्त रखी कि पत्नी तंबाकू, गुटका छोड़ेगी तभी ससुराल लेकर जाएगा। उससे पहले नहीं। पत्नी ने जाने से मना कर दिया।
पति साथ रखेगा तो जाऊंगी ससुराल
एक अन्य मामला एत्माद्दौला थाना क्षेत्र का है। महिला ने बताया कि उसकी शादी 2017 में बाह के युवक के साथ हुई थी। वह 12वीं पास है। पति अनपढ़ है, जयपुर में ठेकेदारी का काम करता है। खुद जयपुर रहता है और उसे गांव में रहने के लिए बोलता है। इस बात पर विवाद से वह मायके में है। जब पति लेने नहीं आया तो वह भी गुरुग्राम की एक कंपनी में नौकरी करने लगी। अब पति का कहना है कि वो काम छोड़ कर उसके माता पिता के साथ गांव में रहे। पत्नी का कहना है कि पति उसे भी अपने साथ शहर में लेकर रहे। वह गांव में नहीं रहेगी।
