10 वर्ष पूर्व गुजरात के वापी में मटन खाने के चलते विवाद में व्यक्ति की थी हत्या
पिनाहट। गुजरात एवं पिढौरा पुलिस ने गुजरात के बापी से हत्या के वारंटी आरोपी को मुखबिर की सूचना पर साधु के भेष में बलाई घाट तिराहे से गिरफ्तार कर लिया। उसे गुजरात पुलिस अपने साथ ले गई। आरोपी को पकड़ने में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।
प्रेम सिंह उर्फ साधु पुत्र बाबूराम राजपूत निवासी गांव चंडीगढ़ शाला थाना पिढौरा ने गुजरात के वापी में 10 वर्ष पूर्व एक होटल पर मटन खाने को लेकर विवाद के दौरान एक व्यक्ति की हत्या कर उसे मौत की घाट उतार दिया था। तब से आरोपी गुजरात से फरार होकर पिढौरा क्षेत्र में आकर साधु का भेष रखकर आश्रम पर रहने लगा था। हत्या के मामले में न्यायालय में पेश नहीं हुआ। पुलिस आरोपी को लगातार खोजती रही मगर जानकारी नहीं हो सकी। गुजरात न्यायालय द्वारा आरोपी के खिलाफ वारंट जारी किया। पुलिस ने हत्या के आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए खोजबीन शुरू कर दी। मुखबिर की सूचना पर हत्या के आरोपी प्रेम सिंह के साधु के भेष में पिढौरा क्षेत्र में होने की सूचना मिली। गुजरात की पुलिस मौके पर पहुंची और पिढौरा पुलिस की संयुक्त टीम की मदद से मुखबिर की सूचना पर बलाई घाट तिराहे पर आरोपी को साधु के भेष में गिरफ्तार कर लिया।
