भाजपा के राष्ट्रीय सचिव सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा रहेंगे मौजूद
पूर्व मंत्री के भाजपा से निष्कासित करने की होगी मांग
आगरा। पंजाबी समाज की बेटी को जान से मारने की नाकाम कोशिश, अभद्रता और उत्पीड़न के मामले में नामजद भाजपा के पूर्व मंत्री के नाती दिव्यांश की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। गिरफ्तारी को लेकर दिए अल्टीमेटम की अवधि खत्म होने के बाद पंजाबी समाज ने आंदोलन के लिए कमर कस ली है। इसी के चलते समाज की एक आवश्यक बैठक आज होने जा रही है, जिसमें भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सचिव सरदार मनजिंदर सिंह सिंह सिरसा की मौजूदगी में आगे के आंदोलन की रणनीति पर मंथन किया जाएगा।
पीड़िता के पिता विवेक महाजन द्वारा जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि पूर्व मंत्री के नाती के खिलाफ सभा का आयोजन आर्य समाज मंदिर जयपुर हाऊस में शाम साढ़े चार बजे पंजाबी समाज और पंजाबी विरासत द्वारा आहूत की गई है। सभा में भाजपा के राष्ट्रीय सचिव सरदार मनजिंदर सिंह सिंह सिरसा के समक्ष पूरे मामले को रखा जाएगा। साथ ही पूर्व मंत्री द्वारा प्रेस कांफ्रेस के दौरान बेटी के लिए बोले गए अपशब्दों का वीडियो भी दिखाया जाएगा। इस दौरान समाज आरोपी दिव्यांश चौधरी और पूर्व मंत्री उदयभान को भाजपा से निष्कासित करने की मांग की जाएगी।
आपकों बता दें कि ऋषि मार्ग, शाहगंज में 15 अप्रैल को जूता कारोबारी विवेक महाजन और उनकी बेटी को कुचलने का प्रयास किया गया था। उन्होंने दिव्यांश चौधरी के खिलाफ मुकदमा लिखाया। इसके पहले फरवरी में भी उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था मगर कार्रवाई नहीं हुई थी। पीड़िता के परिजन ने आरोप लगाया कि आरोपी पूर्व मंत्री का पौत्र है, इसलिए बेखौफ है। पूर्व मंत्री भी अपने पौत्र के बचाव में सामने आए थे। प्रेसवार्ता में उन्होंने कारोबारी और उनकी बेटी पर ही गंभीर आरोप लगाए थे। पंजाबी समाज पीड़ित परिवार के समर्थन में आया, पुलिस को आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन दिन का अल्टीमेटम दिया। इसके बाद पुलिस ने दिव्यांश पर 25 हजार का इनाम घोषित किया। कोर्ट भी आरोपी का अग्रिम जमानत प्रार्थनापत्र खारिज कर चुकी है। डीसीपी सिटी सूरज कुमार राय ने बताया कि गिरफ्तारी के लिए सर्विलांस और एसओजी को लगाया गया है। शनिवार को भी पुलिस ने दबिश दी। आरोपी राजनीतिक परिवार से है। कानूनी दांवपेच जानता है।
आज पुलिस करेगी 82 की तैयारी
मामले में पुलिस का कहना है कि सोमवार को कुर्की के लिए धारा 82 के तहत कोर्ट में प्रार्थनापत्र देने जा रही है। आदेश मिलने बाद आरोपी के घर के बाहर नोटिस चस्पा की मुनादी पिटवाई जायेगी।
