पंजाबी समाज ने पुलिस को दिया था तीन दिन अल्टीमेटम
आगरा। पंजाबी समाज ने पूर्व मंत्री चौधरी उदयभान यह के नाती को पकड़ने के लिए तीन दिन का अल्टीमेटम दिया था। गुरुवार का दिन बीत गया। पुलिस 25 हजार के इनामी दिव्यांश चौधरी का कोई सुराग नहीं लगा सकी। शुक्रवार को कोर्ट में उसके अंतरिम जमानत प्रार्थना पत्र पर सुनवाई है। युवती के पिता विरोध में अपना अधिवक्ता खड़ा करेंगे। अंतरिम जमानत का विरोध करेंगे।
15 अप्रैल की रात ऋषि मार्ग पर जूता कारोबारी विवेक महाजन और उनकी बेटी को कुचलने का प्रयास हुआ था। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद है। शाहगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया। फरवरी में भी युवती के पिता ने एक मुकदमा लिखाया था। गिरफ्तारी नहीं हुई। पूर्व मंत्री चौधरी उदयभान सिंह अपने नाती के समर्थन में सामने आकर प्रेसवार्ता बुलाई। युवती और उसके पिता पर गंभीर आरोप लगाए। घटना से पंजाबी समाज आक्रोशित हो गया। एकजुटता दिखाई। पुलिस को कार्रवाई के लिए तीन दिन का अल्टीमेटम दिया। माहौल गर्माता देख पुलिस ने आनन-फानन में 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया।
पुलिस बोली, सर्विलांस टीम की ले रहे मदद
एसीपी लोहामंडी मयंक तिवारी ने बताया कि पुलिस आरोपित की तलाश में दबिश दे रही है। बुधवार को पुलिस पूर्व मंत्री के जयपुर हाउस स्थित आवास पर भी गई थी। आरोपित को अंदाजा हो गया है कि उसका जेल जाना तय है, इसलिए भूमिगत हो गया है। सर्विलांस टीम की मदद ली जा रही है। शुक्रवार को अंतरिम जमानत प्रार्थना पत्र पर होने ने वाली सुनवाई पर पुलिस की भी नजर टिकी हुई है। सूत्रों की मानें तो पुलिस भी यही चाहती है कि अंतरिम जमानत स्वीकृत हो जाए। उस पर गिरफ्तारी का दबाव नहीं रहेगा। उसकी कार्यप्रणाली पर सवाल नहीं उठेंगे। कहने को हो जाएगा कि अदालत के फैसले के खिलाफ कैसे जा सकते हैं। चर्चा है कि युवती के पिता कोर्ट में अपना अधिवक्ता खड़ा करेंगे। पिछली तारीख में भी उन्होंने अधिवक्ता खड़ा किया था।
