सपा और बसपा के बाद भाजपा ने की प्रत्याशी की घोषणा
फिरोजाबाद। लोकसभा चुनाव में नामांकन प्रक्रिया की तिथि समाप्त होने से तीन दिन पहले भाजपा ने अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया। भाजपा ने क्षत्रिय समाज के विश्व दीप सिंह को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। वर्ष 2019 में भी भाजपा ने क्षत्रिय समाज के डॉक्टर चंद्रसेन जादौन को प्रत्याशी बनाया था।चुनाव प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही फिरोजाबाद लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी के घोषणा की लोग बाट जोह रहे थे। समाजवादी पार्टी ने जहां पूर्व सांसद अक्षय यादव को अपना प्रत्याशी घोषित किया है तो वहीं बीएसपी ने सत्येंद्र जैन सोली को अपना प्रत्याशी बनाया है। सपा प्रत्याशी अक्षय यादव ने सोमवार को अपना नामांकन भी दाखिल कर दिया।
भाजपा द्वारा अपना प्रत्याशी घोषित न किए जाने को लेकर तरह-तरह की चर्चाओं का दौर शुरू हो गया था। मैनपुरी के बाद फिरोजाबाद सीट से भी भाजपा ने क्षत्रिय प्रत्याशी पर दांव लगाया है। भाजपा द्वारा घोषित किए गए प्रत्याशी विश्व दीप सिंह शहर के ब्रजराज सिंह इंटर कॉलेज, अमरदीप कॉलेज के मालिक हैं। वह पूर्व में बसपा से चुनाव लड़ चुके हैं। सामाजिक कार्यों में भी उनकी गतिविधियां बनी रहती हैं। फिरोजाबाद से जिन लोगों को टिकट मिलने की चर्चाएं हो रही थी। वह सभी धरी रह गईं।
