परिजनों का आरोप है कि युवक को हत्या कर फेंका गया है
आगरा। आगरा-ग्वालियर रोड पर स्थित गांव बाद के न्यू दक्षिणी बाइपास के ओवरब्रिज से एक 26 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में गिरकर मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। ककुआ चौकी की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक नरेश, पुत्र अशोक कुमार, नगला अस्थल के ककुआ गांव का निवासी था। परिजनों ने आरोप लगाया कि नरेश की हत्या कर उसे पुल से फेंका गया है। मृतक के भाई सोनवीर ने गांव के कुछ युवकों पर नरेश को घर से बुलाकर मारने और फिर पुल से फेंकने का आरोप लगाया है। थाना मलपुरा पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
ककुआ चौकी प्रभारी अर्जुन प्रताप सिंह ने जानकारी दी कि नरेश अपने कुछ साथियों के साथ दक्षिणी बाइपास पर अंग्रेजी शराब के ठेके के सामने एक ट्रक के पास बातचीत कर रहा था। इसी बीच ट्रक चल पड़ा और नरेश का मोबाइल ट्रक में छूट गया। मोबाइल लेने के लिए नरेश ने अपने दोस्त की बाइक लेकर ट्रक के पीछे तेजी से भागा, लेकिन डिवाइडर से टकराकर ओवरब्रिज से नीचे गिर गया। गंभीर रूप से घायल नरेश को अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया। थाना मलपुरा प्रभारी पवन कुमार सैनी ने बताया कि मृतक का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम कराया गया है। परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।
