पुलिस की मुठभेड़ में घायल 15 हजार का इनामी
आगरा। थाना लोहामंडी क्षेत्र में पुलिस ने देर रात 15 हजार रुपए का इनामी बदमाश धर दबोचा। जीआईसी मैदान के पास उसकी मौजूदगी की जानकारी मिली थी। चेकिंग के दौरान बदमाश की ओर से फायरिंग हुई। पुलिस ने जवाबी कार्यवाही करते हुए उसे पकड़ लिया।
एसीपी लोहामंडी मयंक तिवारी ने बाताया कि 30 जनवरी को लोहामंडी बाजार में सराफ की दुकान में नकब लगाकर चोरी की गई थी। घटना का फरवरी में खुलासा कर एक आरोपी को जेल भेजा गया था। उसने पूछताछ में अपने 3 साथी टेढ़ी बगिया निवासी मिलर, भाटी और बीटा के नाम बताए थे। उनकी तलाश की जा रही थी। मिलर उर्फ मिलन पुत्र राजेंद्र निवासी पवन विहार वाल्मीकि बस्ती टेढ़ी बगिया थाना ट्रांस यमुना 15 हजार का इनामी बदमाश है।
बुधवार देर रात पुलिस को मुखबिर से उसकी जीआईसी ग्राउंड के आसपास होने की खबर मिली। डीसीपी सोनम कुमार ने बताया कि इस पर एसओ लोहामंडी रोहित कुमार फोर्स के साथ जूता प्रदर्शनी परिसर के पास पहुंच गए।
इसी दौरान एक संदिग्ध को जीआईसी ग्राउंड के पास रोका गया तो वह पुलिस देखकर भागने लगा। पुलिस पर फायरिंग की गई। जवाबी फायरिंग में बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।
